संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने जिले में कोचिंग संस्थानों और डिजिटल लाइब्रेरी के सुरक्षा मानकों की जांच की।
जांच के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर आकाश और वाइब्रेेंट कोचिंग इंस्टीट्यूट और चार डिजिटल लाइब्रेरी को तत्काल प्रभाव से बंद कराया।
प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले तहसील चौराहा स्थित आकाश इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। जांच में आवश्यक अभिलेख एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। संस्थान को बंद करने का आदेश दिया गया।
इसके बाद रमईपट्टी स्थित वाइब्रेंट क्लासेज में भी जांच की गई, जहां खामियां पाए जाने पर संचालन रोक दिया गया। इसके अलावा जिले में संचालित चार डिजिटल लाइब्रेरियों पर भी प्रशासन की नजर गई। जांच के दौरान स्टार डिजिटल लाइब्रेरी और गुरुकुल डिजिटल लाइब्रेरी समेत चार केंद्रों को बंद कराया गया।
इनमें दो डिजिटल लाइब्रेरियां बिना नाम के चल रहीं थीं। इनमें से एक पांडेयपुर तथा दूसरी शुक्लहां क्षेत्र में संचालित की जा रही थीं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शैक्षणिक संस्थानों की जांच की जा रही है। जब तक फायर ऑडिट नही हो जाता ये सभी संस्थान बंद रहेंगे।
उन्होंने संचालकों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक मानकों और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। टीम में एसपी सिटी नितेश कुमार सिंह का सिटी अमित कुमार वह अन्य शामिल रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग संस्थान संचालकों और डिजिटल लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।