मिर्जापुर नगर के कई हिस्सों की बिजली बृहस्पतिवार की रात से गुल हो गई। इधर दो- तीन वर्षों से नगर की यह हालत हो गई है कि जरा भी बूंदाबांदी हुई नहीं या तेज हवा चली नहीं कि बिजली गायब हो जाती है। ऐसा ही कुछ बृहस्पतिवार की रात हुआ।
बृहस्पतिवार की रात से नगर के धुंधीकटरा सहित कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। उमस के मारे नागरिक परेशान हो गए। इसके साथ ही अन्य कई मोहल्लों में भी यही दशा रही। इन जगहों पर शुक्रवार की दोपहर बिजली आई। वहीं वासलीगंज सहित अन्य कई मोहल्लों में शुक्रवार की दोपहर लाइट कट गई तो शाम तक उसका कोई अता-पता नहीं रहा। जब कई नागरिकों ने दूरभाष से यह जानना चाहा कि लाइट आएगी कि नहीं तो उनको कोई जवाब ही नहीं मिला। बिजली की नगर में यह दशा उस समय है जबकि प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री का आवास नगर में ही है लेकिन उनको लगता है इन सब बातों से कोई मतलब ही नहीं है। बहुत प्रयास करने पर विभाग से रटा रटाया जवाब मिला कि फाल्ट हो गया है, शट डाउन लिया गया है। थोड़ी देर में बिजली चालू हो जाएगी।