अहरौरा। सोनभद्र से बालू लोड कर वाराणसी की ओर जा रहे ट्रक का हनुमान घाटी में ब्रेक फेल हो गया। इसके चलते बुधवार की ट्रक अनियंत्रित होकर हनुमान घाटी में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। खलासी का काम करने वाला छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजवाया। जहां डॉक्टर ने ट्रक चालक की मौत की पुष्टि की। घायल खलासी को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
जौनपुर के जफराबाद राजेपुर निवासी बृजेश यादव (25) पुत्र दयाशंकर यादव बुधवार की रात सोनभद्र से ट्रक पर बालू लोड कर वाराणसी की ओर जा रहे थे। रात लगभग दो बजे हनुमान घाटी में ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक के नीचे दबकर चालक बृजेश यादव की मौत हो गई। हादसे में खलासी का काम करने वाला बृजेश का छोटा भाई राहुल यादव (19) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी से ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। सड़क पर ट्रक पलटने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क के किनारे किया गया। इसके बाद आवागमन सुचारु हुआ। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि ट्रक हनुमान घाटी में पलट गया है। हादसे में ट्रक चालक बृजेश यादव की मौत हो गई और खलासी घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।