नगवां ब्लॉक के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर विरोध प्रदर्शन करते जल जीवन मिशन के कर्मी।
- फोटो : स्वयं
वैनी/खलियारी। जल जीवन मिशन के कर्मचारियों को चार महीने से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। इससे नाराज कर्मियों ने शुक्रवार को सुबह काम बंद कर दिया और जल फीडर बाराडाण पर पहुंच कर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो काम नहीं करेंगे। वहीं, हड़ताल की वजह से नगवा ब्लॉक के 48 गांवों में जलापूर्ति ठप हो गई। इससे ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं।
प्रदर्शन कर रहे लक्षन देव सिंह खरवार ने कहा कि चार महीने से हम सभी को जल जीवन मिशन का काम करा रही कंपनी से पैसा नहीं मिला है। अंगद यादव ने बताया कि पैसा नहीं मिलने से बहुत परेशानी हो रही है। कहा कि जब तक पैसा नहीं मिलेगा तब तक काम बंद रहेगा। धर्मेंद्र खरवार ने बताया कि हम लोगों को बाइक से चलना पड़ता है लेकिन पेट्रोल भरवाने के लिए भी पैसा नहीं है।
अजय कुमार ने कहा कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। प्रदर्शन में पवन यादव, अजित यादव, छोटेलाल सिंह आदि शामिल थे। इसी तरह तेंदूडाही स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों ने भी काम ठप कर विरोध प्रदर्शन किया।
इस संबंध में क्षेत्र के अवर अभियंता जसवंत सिंह यादव और प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र पांडेय ने बताया कि जल्द ही कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान किया जाएगा।