नो हेलमेट नो पेट्रोल का शुभारंभ शुक्रवार को रामबाग पेट्रोल पंप से पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने फीता काट कर किया। इस दौरान हेलमेट लगा कर पेट्रोल लेने पहुंचे वाहन चालकों से हाथ मिला कर नियमों का पालन करने के लिए बधाई दिया। उन्हें गुलाब का फूल भी भेंट किया।
शुभारंभ के समय लोगों को बताया गया कि हेलमेट लेकर ही पेट्रोल भराएं। एसपी द्वारा हेलमेट पहने लोगों को फूल भेंट करना चर्चा का विषय रहा। शुभारंभ के बाद कार्यक्रम सभा में तब्दील हो गया। जिसमें पेट्रोल पंप मालिक व कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती चौधरी ने पुलिस अधीक्षक के अनोखे पहल की प्रसंशा करते हुए कहा कि शुरुआत तो अच्छी है लेकिन इसे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाएं। एडीशनल एसपी हफीजुर रहमान ने इस मौके पर अपने यातायात अनुभव को उपस्थित लोगों से साझा किया। कहाकि जब पुलिस यातायात का पालन कराने के लिए वाहनों की चेकिंग करती है तो लोग नाराज होते हैं, लेकिन इसके पीछे पुलिस की मंशा क्या होती है, इसके बारे में कोई नहीं सोचता है। पुलिस लोगों की जान की सुरक्षा के लिए ऐसा कदम उठाती है,
ताकि लोग नियम का पालन करते हुए हेलमेट पहन कर अपने जीवन को सुरक्षित कर सकें। अंत में पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि हेलमेट किसी चालक के लिए कितना महत्वपूर्ण है यह दुर्घटना होने पर पता चलता है। हेलमेट तो बिना कहे सभी को ले लेना चाहिए। एसपी ने इस अनोखे पहल का श्रेय अपने गुरु समान रहे वाराणसी के एक पुलिस अधिकारी को दिया। उन्होंने बताया कि सुबह नौ से शाम छह बजे तक यह कार्यक्रम चलेगा जो 15 दिनों के लिए होग उसके बाद बीच बीच में इसे लागू किया जाता रहेगा। इसके पीछे मुख्य् उद्देश्य अधिक से अधिक हेलमेट का प्रयोग करना बताया। कार्यक्रम का संचालन सीओ सिटी संजय सिंह ने किया। इस दौरान यातायात प्रभारी,शहर कोतवाल, कटरा कोतवाल श्रीकांत राय, आरआई आदि मौजूद रहे।