मिर्जापुर। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के तहत जिले में निवेश के नाम तमाम दावे किए जा रहे हैं, मगर उद्यमियों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं करा पा रहे। पथरहिया स्थित औद्योगिक आस्थान में सीवर, नाली और गंदगी की समस्या का निस्तारण नहीं किया जा रहा। प्रशासन के रवैये से उद्यमियों में रोष पनप रहा है।
औद्योगिक आस्थान में छह दशक पूर्व बनीं नालियां जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर सकरी हो गई हैं। जल निकासी व्यवस्था न होने से नाली का पानी उल्टे उद्यमियों के परिसर में फैलने लगती हैं। मरम्मत तो दूर उसकी साफ-सफाई तक नहीं हो रही है।
मामला उद्योग बंधु की बैठक में उठाए जाने के बाद भी समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। जिससे उद्यमियों में रोष व्याप्त है।
औद्योगिक आस्थान के पिछले हिस्से में सड़क के किनारे तरतीब ढंग से लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे उद्यमियों के समस्या के कारण बने हुए हैं।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मंडलीय सचिव मोहनदास अग्रवाल ने कहा कि हाईटेंशन लाइन का खंभा लगाते समय एतराज किया गया था।
अब खंभा हटाने के नाम पर अधिकारी खर्च मांग रहे हैं। चैप्टर अध्यक्ष मनोज खंडेलवाल ने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक में समस्याएं उठाई गई थीं, लेकिन अब तक किसी समस्या का समाधान नहीं हो सका। मेटल व्यवसायी कल्याण अग्रहरी का कहना है कि बड़े वाहनों के बिजली के खंभों से टकराने का खतरा बना रहता है।