अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से 11 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से नगर के लालडिग्गी स्थित लायंस स्कूल के मैदान में राज्य सभा सांसद व ख्यातिलब्ध स्किल गुरु डा. सुभाष चंद्रा वैश्य व्यापारी समूह को संबोधित करेंगे। इसके पूर्व सुबह साढ़े दस बजे से नगर के डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल सभागार में काफी विथ डा. सुभाष चंद्रा नामक कार्यक्रम में वह उद्यमियों, व्यापारियों एवं समाजसेवियों को कई टिप्स देंगे।
नगर के लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डा. सुभाष चंद्रा जिले में फैले रोजगार, उद्योग, व्यापार, पर्यटन, धर्मस्थलों तथा युवाओं के मामलाें पर चर्चा करेंगे। तत्पश्चात् डा. चंद्रा पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे नगर के नारघाट स्थित श्री लाजपत स्मारक साहित्य सदन शहीद उद्यान परिसर में स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण करेंगे तथा देश के नायक व क्रांतिकारी महापुरुष व पंजाब केशरी लाला लाजपत राय की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे।
इस दौरान वह संस्था के सभी सदस्यों से मुलाकात भी करेंगे। सांसद डा. सुभाष चंद्रा नगर के लायंस स्कूल के मैदान में दोपहर 12 बजे से आयोजित विशाल वैश्य महाकुंभ कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे, जहां युवा, छात्र-छात्राओं, गृहणियाें व व्यवसायियों के लिए विशेष रूप से स्किल्स भी प्रदान करेंगे। नगर में प्रथम आगमन के दौरान सुबह साढ़े नौ बजे डा. चंद्रा मां विंध्यवासिनी के पावन दरबार में जाकर मत्था भी टेकेंगे। कार्यक्रम के संयोजक शैलेंद्र अग्रहरि एवं महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष संतोष गोयल ने बताया कि 11 दिसंबर को लायंस स्कूल के मैदान पर आयोजित वैश्य महाकुंभ की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।