मिर्जापुर। सोशल मीडिया के जरिये साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ गई हैं। साइबर ठग वीडियो काल करते हैं और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हैं। कई लोग बदनामी के डर से गलत कदम उठा लेते हैं। इसलिए अंजान लोगों से वीडियो काल पर बात मत करिए। अगर आपके साथ ऐसा कभी हो तो तत्काल पुलिस को बताइए। पुलिस आपकी मदद करेगी। मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बथुआ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित पुलिस की पाठशाला में ये बातें सीओ सदर अमर बहादुर ने कहीं।
सीओ ने छात्राओं को साइबर ठगी और साइबर अपराध के बारे में जानकारी देते हुए सतर्क रहने की नसीहत दी। कहा कि साइबर ठग लाेगों की गाड़ी कमाई खाते से उड़ा देते हैं। साइबर थाने की पुलिस खाते से निकले पैसे को फ्रीज कराकर पीड़ित को वापस कराती है। अगर लोग जागरूक और सतर्क रहेंगे तो साइबर ठगी से बच जाएंगे। साइबर ठग लालच देकर ठगी करते हैं। अगर कोई फ्री में कुछ देने का लालच दे तो सावधान हो जाइए। खाता बंद होने के नाम पर पिन कोड और ओटीपी पूछकर, परिवार के सदस्य के बीमार होने के नाम पर, बाहर पढ़ रहे बच्चे के किसी गंभीर मामले में गिरफ्तार होने के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करते है। छात्र-छात्राएं सोशल मीडिया पर नकली प्रोफाइल वालों से बचें। गलत करने वालों का समर्थन न करें। गलत काम करने वाले पुलिसकर्मियों को भी सजा मिलती है। इस अवसर पर रामजी, नंदलाल श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।