अधिकारी तहसील दिवस पर मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण में कोताही न बरतें। मंडलायुक्त रंजन कुमार ने मंगलवार को तहसील दिवस पर अफसरों को यह हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इनका निस्तारण जल्द किया जाए।
सदर में तहसील में कमिश्नर ने एसडीएम विजय बहादुर को निर्देश दिया कि तहसील दिवस से प्राप्त प्रार्थनापत्रों की पंजिका को गंभीरता से देखें। जो मामले हल नहीं हुए हैं, उनका समाधान कराएं। गांवों में जाकर समस्याओं को सुने। सार्वजनिक भूमि, तालाबों पर अतिक्रमण को हर हाल में हटाएं।
मड़िहान संवाददाता के अनुसार जिलाधिकारी कंचन वर्मा की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। डीएम ने कहा कि शिकायतकर्ता अपने प्रार्थना पत्र पर मोबाइल नंबर अवश्य लिखें, जिससे प्रार्थना पत्र के निस्तारण की सूचना दी जा सके।
चुनार तहसील में अपर जिलाधिकारी वंशबहादुर की अध्यक्षता में लोगों की समस्याएं सुनीं। तहसील दिवस पर 81 फरियाद अधिकारियों के सामने आई। उसमें महज दो प्रार्थना पत्र का निस्तारण मौके पर हो पाया। अधिकतर ग्रामीणों ने फसल के मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। बाढ़ और बारिश में गिरे मकान को बनवाने के लिए सहायता धनराशि का भुगतान में मनमानी की शिकायत की। उनका आरोप था कि लेखपाल इस मामले में भेदभाव बरत रहे हैं।
इसके अलावा भूमि विवाद के मामले भी सामने आए। तहसीलदार चंद्रप्रकाश प्रियदर्शी, क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार उत्तम ने लोगों को जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।