मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शनिवार को सिटी ब्लॉक के हरिहरपुर बेदौली स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान 10 अध्यापकों में से पांच अवकाश पर मिले। इनमें से एक अध्यापक का आकस्मिक अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया था। इस संबंध में उन्हें जानकारी भी दी गई थी। इसके बावजूद वे अनुपस्थित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
बच्चों की कम उपस्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही बच्चों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने तथा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एमडीएम के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली। स्कूल भवन के आस-पास स्कूल की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित लेखपाल को जमीन की पैमाइश कर अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया।