मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने मंगलवार को मंडलीय चिकित्सालय में स्थापित आक्सीजन जनरेटर प्लांट का निरीक्षण किया। अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक को निर्देश दिया कि इस प्लांट का संचालन प्रशिक्षित कर्मचारियों से ही कराया जाए।
जिलाधिकारी को एसआईसी डॉ कमल कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री केयर फंड से निर्मित इस प्लांट से 300 लीटर प्रति मिनट आक्सीजन का उत्पादन होगा। इस गैस को सेंटर पाइपलाइन से कनेक्ट कर दिया जायेगा जो कि 100 बेडों के लिये पर्याप्त है। मंगलवार की शाम तक उपकरणों को इंस्टाल कर दिया जाएगा। 19 मई को आक्सीजन टेस्टिंग का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया जायेगा। लैब से परिणाम आते ही यह आक्सीजन प्लांट मरीजों के लिये प्रारंभ हो जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को पहले भी आक्सीजन मिल रहा था लेकिन अब आक्सीजन जनरेटर प्लांट बन जाने से आक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। जिस कारण हम जनता को बेहतर सुविधाये उपलब्ध करा सकेंगे। जिलाधिकारी ने अधीक्षक को चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई रखने को कहा।