कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम सुशील कुमार पटेल ।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को विकास प्राथमिकता कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कार्य की गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर देने की बात जिलाधिकारी ने बात कही।
जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की विकास प्राथमिकताओं वाली योजनाओं में शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ ही काम को समय पर पूरा करें। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग से कोविड-19 की रोकथाम की दिशा में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी ली। डायल-108 एंबुलेंस वाहन के समय में सुधार करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि टीकाकरण शत-प्रतिशत है। गरीब कल्याण योजना से पात्रों को लाभांवित करने के साथ ही पात्र राशनकार्ड धारकों को समय से खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित कराने को कहा। बताया कि 97 फीसद राशनकार्ड आधार से लिंक किए जा चुके हैं। डाटा फीडिंग का भी कार्य 99 फीसद पूरा किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना, एआरएलएम योजना की भी समीक्षा की। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जर्जर विद्युत तारों और ट्रांसफार्मरों को बदलने, रोस्टर के हिसाब से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही गांव, कस्बों की विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने की हिदायत दी। डीएम ने कहा कि बरसात का समय होने के कारण विद्युत हादसों का भी भय बना रहता है। ऐसे में जहां भी ऐसी संभावना दिखाई दे रही हो उसे त्वरित सुधार लें। नहर विभाग के अधिकारियों को निर्देशत किया कि नहरों में समुचित ढंग से पानी रोस्टर के हिसाब से छोड़ें जिससे धान की खेती में किसानों को परेषान न होना पडे़। कृषि, समाज कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, दिव्यांग कल्याण, मनरेगा आदि विभागों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी तिवारी, परियोजना निदेशक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।