विंध्याचल। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बृहस्पतिवार को शारदीय नवरात्र मेला की तैयारियों का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन और मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर का निरीक्षण मौके पर मौजूद अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करा लेने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में बेहतर सफाई, स्थायी रूप से टेंट व मोबाइल शौचालय की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर में स्टील की रेलिंग लगाई गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर और कहीं रेलिंग की जरूरत है तो वहां भी रेलिंग की व्यवस्था करा लें। ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। उन्होंने यज्ञ शाला परिसर में दीवार पर टाइल्स का काम में तेजी लाकर समय से काम पूरा कराने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि हर साल की भांति इस बार भी नवरात्र मेले के दौरान व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए कार्ययोजना संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई है। पेयजल, सफाई, बिजली की व्यवस्था तो की ही जाएगी, गोल्फ कार्ट भी चलवाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीएम शिव प्रताप शुक्ला, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जी लाल आदि मौजूद रहे।