मिर्जापुर। गेहूं की कम खरीद होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी कड़ी नाराजगी जताने के साथ ही मंडल के आठ अधिकारियों से दो दिन में स्पष्टीकरण मांग लिया है।
मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी ने गेहूं की कम खरीद होने पर नाराजगी जताते हुए मंडल के सभी तीन जिलों मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के एआर कोऑपरेटिव, मंडी परिषद के उप निदेशक, यूपीएसएस के क्षेत्रीय प्रबंधक, पीसीएफ एवं पीसीयू के क्षेत्रीय प्रबंधक तथा एनसीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांग लिया है। संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रभाकांत द्विवेदी ने अधिकारियों को आगाह किया कि गेहूं की कम खरीद होने पर दो दिन में अधिकारी स्पष्टीकरण दें। भदोही जिले में पीसीएफ, पीसीयू और यूपीएसएस के 35 केंद्रों पर अब तक मात्र 575 मीट्रिक टन गेहूं की ही खरीद की गई है। इसके लिए भदोही के एआर कोऑपरेटिव राघवेंद्र शुक्ल से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी प्रकार सोनभद्र जिले में अब तक प्रति केंद्र खरीद का औसत मात्र 75.67 मीट्रिक टन है। इसके लिए सोनभद्र के एआर कोऑपरेटिव देवेंद्र कुमार सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मिर्जापुर में एजेंसियों का प्रति क्रय केंद्र औसत खरीद 85.69 मीट्रिक टन है। इसके लिए एआर कोऑपरेटिव विपिन कुमार सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मंडी परिषद का प्रति केंद्र खरीद औसत मात्र 117.20 मीट्रिक टन है। इसके लिए मंडी समिति के उप निदेशक कुलभूषण वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यूपीएसएस का प्रति केंद्र खरीद औसत मात्र 85.85 मीट्रिक टन है। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक शिव अवतार कुशवाहा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी प्रकार पीसीएफ की प्रति केंद्र खरीद मात्र 71.65 मीट्रिक टन है। इसके लिए पीसीएफ के क्षेत्रीय प्रबंधक रामजी कुशवाहा से स्पष्टीकरण मांगा गया। इसी प्रकार पीसीयू की प्रति केंद्र 48.97 मीट्रिक टन खरीद पर क्षेत्रीय प्रबंधक बाल केशव पटेल से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी क्रम में एनसीसीएफ के क्रय केंद्र की औसत खरीद 80.34 मीट्रिक टन है। इसके लिए क्षेत्रीय प्रबंधक नितेश अग्रवाल से स्पष्टीकरण मांगा गया है।