मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल योगेश्वर राम मिश्र ने सोनभद्र जिले के जिला पंचायत राज अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी है। साथ ही ग्राम पंचायत विभाग द्वारा गांवों में खरीद-फरोख्त में भारी अनियमितता के चलते जिलाधिकारी सोनभद्र को मामले का स्वयं संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्त ने इस संबंध में जिलाधिकारी से स्पष्टीकरण की भी मांग की है। सोनभद्र में ग्राम पंचायत विभाग के द्वारा विभिन्न गांवों में आवश्यक सामग्रियों की खरीद-फरोख्त में भारी अनियमितता की थी। इस पर मंडलायुक्त ने जांच कराई। जांच में भारी अनियमितता की रिपोर्ट पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडलायुक्त ने सोनभद्र के जिलाधिकारी को मामले का स्वयं संज्ञान लेने का निर्देश दिया। उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा है। मंडलायुक्त ने आदेश में जिला पंचायत राज अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की संस्तुति के साथ ही संलिप्त ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सेक्रेटरी के विरुद्ध जांच कर वसूली एवं प्राथमिकी के भी निर्देश दिए हैं।