मिर्जापुर। मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी. और जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के साथ अन्य अधिकारियों ने मंगलवार को मोहनपुर पहाड़ी स्थित एक जमीन का राज्य विश्वविद्यालय के लिए निरीक्षण किया। इसके पहले भी राज्य विश्वविद्यालय के लिए बरकछा व अन्य जगहों पर जमीन देखी गई थी।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के निर्देश पर मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अधिकारियों के साथ मोहनपुर पहाड़ी पर पहुंचकर जमीन देखी। अपना दल (एस) के प्रदेश महासचिव दुर्गेश पटेल ने कैबिनेट मंत्री को पत्र लिखकर मोहनपुर पहाड़ी पर विश्वविद्यालय बनवाए जाने के लिए अनुरोध किया था। इस पर कैबिनेट मंत्री ने मंडलायुक्त को निर्देश दिया कि वे वहां पर संबंधित भूमि का निरीक्षण कर लें। बताया जा रहा है कि मोहनपुर पहाड़ी की भूमि समतल है, जबकि इसके पूर्व बरकछा के पास जो भूमि देखी गई थी, वह उबड़-खाबड़ थी। साथ ही उस जगह बीएचयू का दक्षिणी परिसर होने के कारण काफी विकास कार्य हो चुके हैं, जबकि इस जगह ऐसा कुछ नहीं है। यदि विश्वविद्यालय का निर्माण होता है तो आसपास के क्षेत्र का भी विकास होगा। इस जमीन के लिए और भी कई सुविधाएं गिनाई गई हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, डीएफओ ,जल निगम व विद्युत निगम के अधिकारी मौजूद रहे।