मिर्जापुर। जिले के विभिन्न विकास खंडों में स्थित पंचायत भवनों पर नियुक्ति के बावजूद पंचायत सहायक नहीं देखे जा रहे। कहीं पर कंप्यूटर तो कहीं बैठने की व्यवस्था ना होने। पंचायत सहायक कार्यालय का संचालन नहीं हो रहा है। मामूली कार्य के लिए आज भी ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय का चक्कर लगानो के लिए विवश होना पड़ रहा है।
सिटी, पहाड़ी, सीखड़, कोन, मझवां, पटेहरा, नरायनपुर, लालगंज, छानबे, जमालपुर, राजगढ़ व हलिया विकास खंड के 809 ग्राम पंचायत में कुल 801 पंचायत सहायकों की नियुक्ति की गयी है। 809 ग्राम पंचायत में 85 ग्राम पंचायत में पंचायत भवन के अभाव में कार्यालय का संचालन नहीं हो पा रहा है। सूत्रों की मानें तो 85 पंचायत भवन ध्वस्तीकरण के लिए चिन्हित किए गए हैं। पहाड़ी में 8, सीखड़ में 6, कोन में 8, मझवां में 3, पटेहरा में 2, नरायनपुर में 16, लालगंज में 4, छानबे में 11, जमालपुर में 5, राजगढ़ में 6, हलिया में 3 व विकास खंड सिटी में 13 जीर्णशीर्ण पंचायत भवन चिन्हित किए गए हैं। जिसमें से मात्र 32 पंचायत भवनों के रिपोर्ट प्रेषित किए गए हैं।
डीपीआरओ अरविंद कुमार ने बताया कि जिन ग्राम पंचायत भवन में पंचायत भवन की व्यवस्था नहीं है वहां वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है। पंचायत सहायक कार्यालय सामुदायिक भवन या फिर किराए के भवन में संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।