गैस की समस्या के बाद पेट्रोल और डीजल को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगी है। जिले में पटेहरा में पेट्रोल और डीजल की समस्या है। मुस्किरा स्थित किसान पेट्रोल पंप पर लिखा गया है कि पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं हैं। नगर के रामबाग, भरुहना, स्टेशन रोड आदि जगहों पर सामान्य रूप से पेट्रोल और डीजल मिल रहा है। संचालकों ने बताया कि कोई समस्या नहीं है और अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। पटेहरा कला के नौशाद, लवकुश, शिवकुमार और शुभम सिंह ने बताया कि मुस्किरा स्थित किसान पेट्रोल पंप पर सुबह से ही पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहा है। पूछने पर बताया गया कि स्टॉक खत्म हो गया है और जैसे ही नया स्टॉक मिलेगा, सभी को दिया जाएगा। रामपुर मोड़ पर स्थित आस्था फिलिंग पेट्रोल पंप के मालिक निराला कोल ने बताया कि पेट्रोल है, लेकिन डीजल नहीं। दोपहर बाद डीजल की आपूर्ति होगी। डीजल-पेट्रोल की किल्लत को लेकर किसान चिंतित हैं, जबकि वाहन चालक स्टॉक कर अपनी जरूरतें पूरा करने में लगे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी संजय प्रसाद ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कोई समस्या नहीं है और लोगों को अफवाहों से दूर रहना चाहिए।
सिलिंडर न मिलने से दुकानदार भट्ठियों की ओर लौटे
व्यवसायिक सिलिंडर न मिलने के कारण दुकानदार पुनः भट्ठियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। चाय-पान की दुकानें, दूध व छोटे ढाबे अब भट्ठी पर ही काम कर रहे हैं। घरेलू सिलिंडर की समस्या भी अभी बनी हुई है। नगर के रामबाग, सिविल लाइन, वासलीगंज, त्रिमुहानी, स्टेशन रोड और भरुहना सहित विंध्याचल और अष्टभुजा मार्ग पर चाय-पान की दुकानों में भट्ठी का इस्तेमाल बढ़ गया है। दुकानदारों का कहना है कि आजीविका के लिए यह जरूरी है। व्यावसायिक सिलिंडर तो नहीं मिल रहा है, लेकिन घरेलू सिलिंडर भी कम उपलब्ध है। भट्ठी जलाकर वे खाना भी बना लेते हैं। उनके लिए यह एक ही उपाय है जिससे दो काम एक साथ हो रहे हैं।