कलवारी-चुनार (मिर्जापुर)। बागेश्वर धाम से आए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बृहस्पतिवार को सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के दर्शन किए। उन्होंने लगभग 20 मिनट तक आश्रम में बैठकर स्वामी जी का प्रवचन सुना।
बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे परमहंस आश्रम पहुंचे बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र कृष्ण को परमहंस स्वामी के अनुयायी प्रवचन हाल में ले गए। जहां धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद महाराज को दंडवत प्रणाम किया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने लगभग 20 मिनट तक परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद महाराज का प्रवचन सुना। इसके बाद स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने बागेश्वर धाम के बाबा को पगड़ी पहनाकर विदा किया। नारद महाराज ने बागेश्वर धाम के बाबा को यथार्थ गीता भेंट की। इस दौरान सोहन बाबा, लाले बाबा समेत काफी संख्या में अनुयायी मौजूद रहे। उधर, परमहंस आश्रम सक्तेशगढ से वाराणसी जाते समय बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री चुनार के सौरभ सिंह के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उत्साही भीड़ में शामिल लोगों को उन्होंने दर्शन दिए। चुनार में एडीएम वित्त शिव प्रताप शुक्ला की पत्नी, तहसीलदार चुनार योगेंद्र शरण शाह की पत्नी, एसडीएम मड़िहान युगांतर की पत्नी बागेश्वर धाम के बाबा के दर्शन के लिए पहुंचीं।