संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। औद्योगिक भूमि को लीज होल्ड से फ्री होल्ड में बदलने की मांग को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज खंडेलवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल को पत्रक सौंपा।
खंडेलवाल ने कहा औद्योगिक भूमि को लीज होल्ड से फ्री होल्ड में परिवर्तित किए बिना उद्यमियों का विकास असंभव है। कहा इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) 1985 से कार्यरत प्रमुख औद्योगिक संगठन है, जो उत्तर प्रदेश सहित देशभर के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमईएस) के हितों की रक्षा व प्रगति के लिए प्रयासरत है। कहा वर्तमान में आईआई के उत्तर प्रदेश में 40 से अधिक जिला स्तरीय चैप्टर एवं 14500 से अधिक उद्यम सदस्यों का मजबूत नेटवर्क है।
आईआईए मंडलीय सचिव मोहनदास अग्रवाल ने कहा उत्तर प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगों को आवंटित की गई लीज होल्ड भूमि को लेकर उद्यमियों को लंबे समय से गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आईआईए सदस्य कल्याण अग्रहरि ने कहा औद्योगिक प्रयोजन के लिए लीज होल्ड भूमि को फ्री होल्ड में परिवर्तित किया जाए। इससे न केवल उद्योगों को स्थायित्व मिलेगा, बल्कि राज्य सरकार को भी राजस्व में वृद्धि, निवेश में वृद्धि तथा रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। पत्रक देने वालों में आशीष बुधिया, कल्याण अग्रहरि, संजय रैदानी, नरोत्तमदास खट्टर, संतोष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।