गंगा में डूबा भटौली पीपा पुल पर रोक के बावजूद लोगों का आवागमन जारी है। मंगलवार की सुबह एक साइकल सवार युवक गंगा में गिर कर डूबने लगा। युवक को डूबते देख वहां मौजूद लोगों ने पानी में उतर कर किसी तरह उसे बाहर निकाला।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने 26 मार्च से ही पुल पर आवागमन पर प्रतिबंध लगाया है। बावजूद इसके ठेकेदार के कर्मी विभागीय कर्मियाें की मिलीभगत से सुविधा शुल्क लेकर लोगाें के वाहन पास कराने में लगे हुए हैं।
लगातार बढ़ रहे गंगा का जलस्तर के कारण पुल को पार करना खतरे से खाली नहीं है। इसी क्रम में मंगलवार की सुबह कर्मियाें द्वारा कई लोगाें से निर्धारित शुल्क से दोगुना दाम लेकर बाइक, साइकल समेत चार पहिया वाहन सवाराें को पार कराया जा रहा था।
दोपहर को पुल पार करते समय साइकल सवार एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में गिर कर डूबने लगा। लोगाें ने किसी तरह युवक को बाहर निकाल कर ले आए। वहीं अधिशासी अभियंता संजय कुमार का कहना है कि गंगा में पानी का स्तर बढ़ने पर पुल पर आवागमन बंद करने का निर्देश दिया गया था।