हलिया। कैमूर वन्य जीव प्रभाग के हलिया रेंज के कर्मचारियों पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए हाईवा मालियों ने रविवार को कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बरी गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बाद थाने में दी गई तहरीर में गुर्गी गांव निवासी एक व्यक्ति ने कहा है कि हाईवा चालक रविवार को सुबह 6:30 बजे बजे गाड़ी लेकर गुजर रहा था, उस दौरान गोर्गी गांव के पास वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर चालक से एंट्री के नाम पर पैसा मांगने लगे। नहीं देने पर उसका मोबाइल फोन तथा लगभग दस हजार रुपये ले लिए। वाहन स्वामी का कहना था कि चालक की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे तो वनकर्मी उसे भी गाली देते हुए निजी रिवाल्वर की मुठिया से प्रहार कर घायल कर दिया। उधर, इस घटना से नाराज आधा दर्जन की संख्या में हाईवा मालिकों ने वन विभाग के पुराने रेंज कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस संबंध में क्षेत्रीय वन अधिकारी एएन मिश्रा का कहना था कि विभाग के कर्मचारी रविवार को वन क्षेत्र में गश्त पर थे। भोर में वन क्षेत्र से गुजर रही हाईवा जिस पर गिट्टी आदि लदी थी, गाड़ी चेक करने के दौरान कागजात मांगे जाने पर चालक कोई कागज नहीं दिखा सका। इसी बीच मौका पाकर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि गाड़ी किसी दूसरे की थी। एक क्षेत्रीय व्यक्ति गाड़ी चलवाने का काम करता है। चालक की सूचना पर आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे वाहन चालकों ने वन कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाड़ी छुड़वाकर मौके से भाग निकले। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि इस मामले की तहरीर थाने में दी गई है। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह का कहना है कि दोनों पक्ष की तरफ से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।