कछवां। 148 वर्ष पुराने कछवां नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने की मांग की जा रही। शासन ने 2021 में होने वाली जनगणना को देखते हुए सीमा विस्तार पर लगी रोक हटा दी है। 31 दिसंबर तक सीमा विस्तार या परिवर्तन की अनुमति दी गई थी, जिसे बढ़ा कर मार्च कर दिया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से शासन को अनुस्मारक पत्र भेजने की तैयारी है।
नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने की मांग काफी समय से उठ रही है। पांच वर्ष पूर्व 31 दिसंबर 2015 को बोर्ड की बैठक में सीमा विस्तार कर नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव हुआ। सीमा से सटे 15 राजस्व ग्रामों को शामिल करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद शासन में लिखा-पढ़ी होती रही। कछवां नगरवासी और पास के गांवों बरैनी, बाडापुर, सरावा, मझवा, बजहा, सबेसर के लोगों ने कई बार जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया । प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। लोगों का कहना है, कि नगर पंचायत से सटे राजस्व ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। बिजली, पानी, सड़क आदि की समस्या बनी हुई है। यदि सीमा का विस्तार हो जाए तो विकास की राह आसान होगी।