कोन ब्लाक क्षेत्र के पुराजागिर में भरत मिलाप में शामिल भव्य रामदरबार का द़ृश्य।- सोशल मीडिया।
चील्ह। पुरजागीर बाजार में सोमवार शाम को श्रीराम-भरत मिलाप मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच हुआ। मेले में मिर्जापुर सहित आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंगलवार भोर तीन बजे 20 आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा मेले का मुख्य आकर्षण रही, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
ब्लॉक कोन क्षेत्र के पुरजागीर बाजार में श्रीराम-भरत मिलाप समिति की ओर से आयोजित मेले के लिए तीन किलोमीटर क्षेत्र को रंग-बिरंगी झालरें सजाई गई थीं। पुरजागीर पेट्रोल पंप से पावर हाउस और चौराहे से दुर्गा चौराहे तक की गई आकर्षक सजावट ने मेले की रौनक बढ़ाई।
जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों ने भी माहौल को और खुशनुमा बना दिया। स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ मिर्जापुर, भदोही और वाराणसी के व्यापारियों ने भी विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई थीं।
मेले की व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने में समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें हरिशंकर सरोज, अमरेश पांडेय, धीरज दुबे, रामसभा विश्वकर्मा, वकील विश्वकर्मा, कमलेश सरोज, पूनई, अंकुश यादव, सुनील, अनुज और बंटी प्रमुख थे।