अहरौरा थाना क्षेत्र के सहुवाइन के पोखरा मोहल्ला इलाके में मंगलवार की सुबह ठेले पर भाड़े का टिन शेड लादते समय दो मजदूरों पर गिरे टिन शेड में दब कर एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दूसरे मजदूर को सीएचसी अहरौरा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसे वारणसी रेफर कर दिया । दोनों मजदूर आपस में भाई बताये जा रहे हैं।
क्षेत्र के जसवा गांव निवासी महेश (35) अपने भाई राजेंद्र (32) के साथ ठेलिया चलाने का कार्य करता था। आसपास के दूकानों का सामान लोड कर दूसरे दूकानों या लोगों के यहां पहुंचाया करता था। मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे सहुवाइन के पोखरा स्थित एक सीमेंट की दूकान से सीमेंट का टिन शेड अपने ठेला पर लाद रहा था। इसी दौरान टिन शेड उसके ऊपर गिर गया। जिसमें दब कर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मजदूरों को चादर के नीचे दबता देख मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सीएचसी अहरौरा ले जाया गया। वहां स्थिति गंभीर होने पर दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग दोनों को लेकर बनारस जा रहे थे कि राजेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची वाराणसी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।