लालगंज। थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अन्तर्गत तेंदुआ खुर्द गांव में सोमवार की रात आंधी के चलते गांव से बाहर पाही पर सो रहे अधेड़ पर मिट्टी की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर अधेड़ की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
क्षेत्र निवसी लालचंद (55) प्रतिदिन भोजन करने के बाद अपने पाही पर सोने चले जाते थे। पाही घर से एक किलोमीटर दूर स्थित है। देर रात आंधी व बरसात के चलते मिट्टी की बनी हुई दीवार और उस पर रखा मड़हा गिर गया। रात होने के कारण पास पड़ोस के लोग अपने घरों में सो रहे थे। इस कारण मड़हे के गिरने और उसमें उनके दबने की खबर किसी को नहीं लगी। सुबह होने पर पास पड़ोस के लोगों ने जब देखा कि मड़हा गिरा हुआ है तो इसकी सूचना ग्रामीणों ने परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।