मिर्जापुर। असम के गुवाहाटी से आ रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के शौचालय में रविवार को दोपहर एक युवक बेहोश मिला। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद शौचालय का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकालकर डाॅक्टर बुलाया गया। डाॅक्टर ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से उसकी शिनाख्त होने पर उसके परिजनों को सूचना दी गई।
कानपुर जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के पुराना कानपुर निवासी अरविंद (28) अपनी पत्नी को लाने के लिए उसके मायके गुवाहाटी गया था। शनिवार को वह नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। गुवाहाटी से चलते समय उसने अपने घर वालों को फोन कर बताया कि पत्नी बाद में आएगी। वह घर लौट रहा है। सफर के दौरान कोच एस 3 के कुछ यात्रियों ने शौचालय का दरवाजा बंद होने के कारण टीटी को सूचना दी। टीटी ने शौचालय के दरवाजे के झरोखे से देखा तो युवक अंदर बेहोश पड़ा था। उसने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन मिर्जापुर स्टेशन पहुंची तो जीआरपी ने शौचालय का लॉक तोड़कर युवक को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने जांच करने के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने उसके पास मिले मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी। जीआरपी प्रभारी राम दवर ने बताया कि नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के शौचालय में युवक का शव मिला है। वह गुवाहाटी से अपने घर कानपुर लौट रहा था। उसके परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।