ड्रमंडगंज। हलिया थानांतर्गत ड्रमंडगंज चौकी क्षेत्र के रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग फोर लेन स्थित भैंसोड़ बलाय पहाड़ पर यूपी एमपी बार्डर पर सोमवार की देर रात अज्ञात वाहन में एक डीसीएम की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए।
हादसे में डीसीएम का सहचालक मनीष मौर्य (31) पुत्र राम समुझ मौर्य व खलासी आदित्य सरोज (18) पुत्र पंकज सरोज निवासी छितौना थाना केराकत जिला जौनपुर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने डीसीएम ट्रक में फंसे सहचालक को किसी तरह बाहर निकाल कर इलाज के लिए न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ड्रमंडगंज पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सहचालक को मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
डीसीएम चालक काजू सरोज (25) पुत्र बुद्धिराम सरोज बाल-बाल बच गया। चौकी प्रभारी रामबहादुर राय ने बताया कि डीसीएम ट्रक पटना बिहार से घरेलू सामान लादकर पुणे जा रहा था। करीब एक बजे रात भैंसोड़ बार्डर पर डीसीएम की आगे चल रहे किसी वाहन से भिड़ंत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के बाद दुर्घटना में क्षतिग्रस्त डीसीएम को जेसीबी से हटाकर सड़क पर आवागमन शुरू कराया।