चील्ह थाने में साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट खुलवाने का मामला प्रकाश में आया है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। हालांकि प्राथमिक जांच में कुछ खातों को छोड़कर अन्य में लेन-देन नहीं पाया गया है। जिन खातों पर इस तरह का शक है। उन अकाउंट की साल भर की डिटेल मंगाकर लेन-देन को जांच की जाएगी। -सोमेन वर्मा, डीआईजी
कहीं पुराने गैंग ने तो नहीं खुलवाए बैंक खाते
साइबर ठगी के लिए पहले से ही मिर्जापुर के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज है। प्राथमिक जांच में विभिन्न खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के सुबूत मिले हैं। कटरा कोतवाली, शहर कोतवाली और चुनार थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। चील्ह क्षेत्र में आए नए मामले के तार चुनार क्षेत्र में सक्रिय पुराने गैंग से तो नहीं जुड़ रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है। मिर्जापुर में 10 से ज्यादा खातों में ठगी से अर्जित 20 करोड़ से ज्यादा के लेन देन मामले में पहले ही संदीप सिंह पटेल सहित सात लोगों के खिलाफ देहात कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज है। दिलीप विश्वकर्मा की तहरीर पर पांच अक्तूबर को संदीप सिंह पटेल निवासी टकटकपुर खैरा निवासी कछवां, रजनीश मिश्रा निवासी भुईली पांडेय थाना पड़री, विकास यादव निवासी दुबेपुर थाना पड़री, शिवम सिंह निवासी प्रेमापुर थाना चुनार, निखिल सिंह, अरमान सिंह, सोनू और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। चुनार और कटरा कोतवाली में भी प्राथमिकी दर्ज है।