लालगंज। मिलिट्री कैंपस के पास शनिवार की रात बाइक से घर लौट रहे सीआरपीएफ जवान को किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। गंभीर रूप से घायल जवान को एंबुलेंस से ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज के परासी दुबे गांव निवासी सर्वेश प्रकाश द्विवेदी (38) चंदौली के चकिया सीआरपीएफ में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात थे। वे शनिवार की रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ता भूलकर राबर्ट्सगंज के परासी गांव के बजाय लालगंज की ओर निकल गए। इसी बीच रास्ते में मिलिट्री कैंपस के पास से किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सर्वेश प्रकाश से एक पुत्र बाबू और एक पुत्री अवदिका हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। लालगंज थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार सीआरपीएफ जवान की मौत होने पर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।