मिर्जापुर। सावन के दूसरे सोमवार को शिवद्वार भगवान शंकर को जलाभिषेक के लिए शनिवार को बरियाघाट पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। काफी संख्या में कांवड़िया बरियाघाट से गंगाजल लेकर शिवद्वार के लिए रवाना हुए।
शनिवार को सुबह से बरियाघाट पर कांवड़ियों की भीड़ लगी रही। स्नान से पहले श्रद्धालुओं ने दुकानों से पूजन सामग्री की खरीदारी की। इसके बाद कांवड़ और बाद में गंगा में स्नान कर कांवड़ में गंगाजल भरकर बोल बम के उद्घोष के साथ बरियाघाट, वासलीगंज, गिरधर चौराहा, हुवरिया, तहसील तिराहा, भरुहना, बरौधा कचार तथा मुंहकुचवां के रास्ते शिवद्वार के लिए रवाना हो गए। इस बीच शनिवार को सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी में श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। शिवद्वार मार्ग पर जहां भी पेड़ दिख रहे थे, कई जगह कांवड़िया कुछ देर तक पेड़ के नीचे छांव में खड़े दिखे।