सीखड़। चुनार कोतवाली क्षेत्र के खानपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को आयोजित चौपाल में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह व सीआरओ हरिशंकर यादव ने उम्मीदवारों को आदर्श चुनाव आचार संहिता का पाठ पढ़ाया।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान सरकारी भवनों पर किसी भी दशा में बैनर व पोस्टर नहीं लगाए जाएंगे। यदि किसी प्राइवेट भवन पर लगा हुआ है तो भवन स्वामी की अनुमति जरूरी है। एसपी ने कहा कि समस्या होने पर कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं। यदि कोई मामला है तो उच्चाधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेट को इसकी सूचना दें। कहा चुनाव के दौरान उम्मीदवारों की ओर से मतदाताओं को कोई प्रलोभन या धमकी दे रहा है तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती से कदम उठाए जाएगा। यदि कोई प्रत्याशी क्षेत्र में शराब या पैसा बांटता हो ऐसे लोगों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। चौपाल में एसडीएम चुनार सुरेंद्र बहादुर सिंह, चुनार कोतवाल गोपाल जी गुप्ता, चौकी इंचार्ज अदलपुरा राम सिंहासन शर्मा, एसआई राम बचन यादव, अजय सोनकर, राजेश त्रिपाठी, राजेश यादव खन्ना, जय प्रकाश दुबे, दिनेश चौबे, संतोष सिंह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।