बेलन बरौधा चौकी क्षेत्र के दिघुली गांव के पास स्थित सिकरार नाला के किनारे शनिवार की सुबह मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम मगरमच्छ को पकड़ने जुट गयी।
सुबह नाले की तरफ शौच के लिए गए ग्रामीणों ने जब मगरमच्छ को देखा तो वे सन्न रह गए। इसकी सूचना ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी। क्षेत्रीय वनाधिकारी ड्रमंडगंज वीरेंद्र कुमार तिवारी ने वन रक्षक पिंटू शाह, सर्वेश पटेल तथा महेंद्र सिंह को मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचकर वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों द्वारा बताए गए स्थान पर काफी देर तक मगरमच्छ के पानी से निकलने का इंतजार किया, लेकिन मगरमच्छ नाले के पानी से बाहर नहीं निकला। उसके बाद वन विभाग की टीम ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत देकर वापस लौट गयी। रेंजर ने बताया कि शीघ्र ही जाल मंगाकर नाले की तलहटी में बैठे मगरमच्छ को बाहर निकालकर किसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।