हलिया। चककोटार गांव में रविवार को रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति के घर के पास तीन फीट लंबा मगरमच्छ देख ग्रामीण भयभीत हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर अदवा बांध में छोड़ दिया।
चककोटार गांव निवासी छोटे लाल मौर्य के घर के पास रविवार की रात लगातार कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर बाहर निकले। उन्होंने टार्च जलाकर देखा तो रास्ते में लगभग तीन फीट लंबा मगरमच्छ दिखा। शोर सुन आसपास के लोग पहुंच गए। ग्रामीणों ने मगरमच्छ के ऊपर बोरा फेंककर उसे घेर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे वन विभाग के वाचर अशफाक अली, शेषपाल सिंह, रामधनी ने मगरमच्छ को पकड़कर पास स्थित अदवा बांध में छोड़ दिया। रेंजर बीके तिवारी ने बताया कि मगरमच्छ संभवतः अदवा बांध से नहर के रास्ते से गांव में पहुंच गया था। उसे पकड़कर सुरक्षित अदवा बांध में छोड़ दिया गया है।