मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र के भटवारी गांव स्थित पहाड़ी पर रविवार को भोर में एक घर में करीब दस फीट लंबा मगरमच्छ घुस गया। मगरमच्छ देख परिवार के लोगों में भय व्याप्त हो गया। जान बचाने के लिए परिवार के लोग छोटे बच्चों संग बाहर भाग गए। सूचना पर मौके पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ पकड़ लिया, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
भटवारी गांव निवासी सपथमुनि ने बताया कि रविवार की रात घर में छोटे बच्चों के साथ सोए हुए थे। अंधेरे में घर में कुछ घुसने की आहट लगी। टाॅर्च जलाए तो घर के कोने में बैठा करीब दस फीट लंबा मगरमच्छ देख उनके होश उड़ गए। वे मगरमच्छ के मुंह पर बोरा डालकर परिवार के सदस्यों के साथ जान बचाने के लिए घर के बाहर निकल कर शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर जुट गए। सूचना पर पहुंचे वन दरोगा चंद्रशेखर, अजय प्रकाश, नीतू शर्मा, शीतला बक्श, रामदास, अरविंद कुमार आदि ने ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़ कर ट्रैक्टर-ट्राली पर लादकर मेजा बांध ले जाकर जलाशय में छोड़ दिया। उनका कहना था कि गनीमत थी के छोटे बच्चे घर के किसी दूसरे कमरे में सोए हुए थे। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी अवध नारायण मिश्रा का कहना था कि मगरमच्छ अदवा नदी से भटक कर पहुंच गया होगा। उसे पकड़ कर जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।