दो दिन पूर्व बेटी की बरही के कार्यक्रम में शामिल होने आई बहन को उसके ससुराल इलाहाबाद पहुंचा कर घर आ रहे बाइक सवार युवक की मांडा थाना क्षेत्र के डिघिया गांव के पास सोमवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं एक युवक वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया।
थाना क्षेत्र के शिवपुर गोनौरा गांव निवासी योगेंद्र बिंद 25 वर्ष पुत्र लच्छनधारी को दस मई को बेटी पैदा हुई थी। जिसके बरही पर रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में इलाहाबाद जनपद निवासिनी उसकी बहन भी शामिल होने आई थी। सोमवार को योगेंद्र अपनी बहन को उसके ससुराल पहुंचाने मेजा थाना क्षेत्र के कवरिया गांव गया था। लौटते समय रात करीब दस बजे मांडा थाना क्षेत्र के डिघिया गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिस पर युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर घर पर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, इलाहाबाद-मिर्जापुर मार्ग पर बिहसड़ा बह्मबाबा के पास से मालवाहक बोलेरो व ट्रक की टक्कर में सोमवार की देर रात बोलेरो चालक इमरान 17 वर्ष पुत्र निजामुद्दीन निवासी चंदौली गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने तत्काल पीएचसी सरोई भेजा। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।