थाना क्षेत्र के गोतवां गांव में रास्ते को लेकर उठे विवाद में दो पक्षों के बीच रविवार की सुबह मारपीट हो गई। आरोप है कि मामला बढ़ने पर एक पक्ष ने रास्ते का दायरा बढ़ाने के लिए दूसरे पक्ष की दीवार को गिराकर मकान में आग लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझा कर पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
गोतवां गांव निवासी एक व्यक्ति का मकान हीरापाल के मकान के पीछे है। इस व्यक्ति के घर से सड़क तक चार फीट का रास्ता है। इससे उसके घर तक बड़े वाहन नहीं जा पाते हैं। बड़ी गाड़ी घर तक ले जाने के लिए वह रविवार की सुबह हीरापाल के घर गया और अपनी दीवार को चार फीट पीछे हटाने की बात कही। जिससे रास्ता आठ फीट हो जाएगा और उसके घर तक वाहन पहुंच जाएगा।
जब हीरापाल नहीं माना तो आरोपी नाराज हो गया और विवाद करते हुए उसकी दीवार गिराने लगा। विरोध जताने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसकी जानकारी आरोपी के पुत्रों को हुई तो वह भी पहुंचे और हीरापाल को पीटने लगे। इससे डर कर हीरा घर छोड़ कर भाग गया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उसके मकान की दीवार गिराते हुए घर में आग लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझवाया। तहरीर मिलने पर दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।