कटरा कोतवाली क्षेत्र के राबर्ट्सगंज तिराहे के पास रविवार की दोपहर पुलिस ने वाहन चोरों के अंतरजनपदीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार बोलेरो, दो मोटरसाइकलें, चार पहिया वाहनों की बॉडी और वाहन काटने का औजार बरामद किया।
इनमें एक गाड़ी ऐसी है जिस पर मध्य प्रदेश का नंबर प्लेट लगा है। पकड़े गए चोरों ने फैजाबाद, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, वाराणसी से गाड़ियां उड़ाईं थीं। इस सफलता पर पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र ने पुलिस लाइन में बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक (आपरेशन) अरविंद मिश्रा की देखरेख में सीओ नगर प्रवीण यादव के नेतृत्व में चुराए गए वाहनों की बरामदगी के लिए चार टीमें बनाई गई थीं।
पहली टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी विजय प्रताप सिंह, दूसरी में कटरा कोतवाल इंसपेक्टर शफीक अहमद, तीसरी में विध्याचल के इंस्पेक्टर सुरेंद्र तिवारी और चौथी में वासलीगज चौकी प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह व डंकीनगंजचौकी प्रभारी धनंजय पांडेय और उनके हमराही शामिल थे।
टीमें जांच कर ही रही थीं कि रविवार को उन्हें सूचना मिली अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के कुछ सदस्य चोरी के वाहनों को लेकर सोनभद्र जाने वाले हैं। खबर लगते ही सीओ नगर अपनी टीम के साथ रावटर्सगंज तिराहे पर पहुंचे और घेराबंदी करने लगे तभी एक बोलरो और एक पिकप आती दिखाई दी। उन्हें रोककर जब उसके कागजात मांगे गए तो चालक नहीं दिखा सके।
पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों वाहन चोरी के हैं। जब पुलिस ने गहनता से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों में सवार छह सदस्य वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं। वे फैजाबाद, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, वाराणसी आदि जिलों से वाहन चुराकर काटकर बेच देते हैं।उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन बोलेरो, एक कार और तीन मोटरसाइकलें बरामद कीं। इसके अलावा कई बोलेरो, पिकप की कटी हुई चेसिस भी पकड़ी गई। हत्थे चढ़े आरोपियों मेंटेकऊर चुनार निवासी रहीम व रितेश कुमार, सोनभद्र के अनपरा के औड़ी मोड़ निवासी शंहशाह, वाराणसी के पिशाचमोचन स्थित रमाकांत नगर कालोनी निवासी अनिल अग्रहरि, आजमगढ़ के फूलपुर निवासी जितेंद्र राजभर और आजमगढ़ के गंभीरपुर निवासी नूरआलम शामिल हैं।