खिलौने की बैटरी में शार्टसर्किट से हुए विस्फोट से पड़ोसी के घर खेलने गए किशोर जख्मी हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि उसके चेहरे और हाथ के परखच्चे उड़ गए थे। आनन-फानन में उसे एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला गुरुवार की शाम अहरौरा थाना क्षेत्र के धुरिया गांव का है।
धुरिया गांव निवासी अर्पित दूबे (12) पुत्र संतोष कुमार दूबे अपने पड़ोस के यहां दोस्त के साथ खेलने गया। वह दोस्त के खिलौनों से खेल रहा था।
खेलते समय एक खिलौने के बैट्री में शार्टसर्किट के चलते विस्फोट हो गया। इससे अर्पित के चेहरे व हाथ में गंभीर चोटें आईं। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ अर्पित को देख कर लोग परेशान हो उठे। आनन-फानन में उसे लेकर कुदारन स्थित एक निजी चिकित्सालय में गए। जहां देखते ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस भी मानती है कि हादसा बैटरी फटने से ही हुआ है लेकिन अन्य पहलुओं पर भी सोच रही है। गांव वाले इसे इसे विस्फोटक पदार्थ से हुआ हादसा बता रहे हैं।