पड़री। थाना क्षेत्र के भगेसर गांव स्थित एक युवक की लाश उसके ही ससुराल में शनिवार सुबह घर के सामने स्थित आम के पेड़ से लटकते मिली। ग्रामीणाें की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे युवक के परिवार के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। वहीं ससुरालियों का कहना है कि जय प्रकाश ससुराल आया ही नहीं था। उसकी लाश यहां पहुंची, किसी को पता नहीं।
मड़िहान थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी जय प्रकाश गुप्ता (36) पुत्र राजाराम गुप्ता की शादी पड़री थाना क्षेत्र के भगेसर गांव निवासी छांगुर गुप्ता की पुत्री प्रमिला के साथ वर्ष 2004 में हुई थी। दोनों से तीन बच्चे भी हैं। पति-पत्नी के बीच शराब को लेकर विवाद होता रहता था। इससे तंग आकर प्रमिला तीन साल पहले ही बच्चों के साथ मायके में रह रही थी।
उसकी विदाई के लिए जय प्रकाश परेशान था। परिवार की माने तो जय कुमार उड़ीसा में रहकर एक कंपनी में काम करता था। करीब एक माह पहले घर आया था। शुक्रवार शाम पांच बजे पत्नी की विदाई के लिए घर से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। सुबह दस बजे उसके द्वारा फांसी लगाने की सूचना पुलिस ने घरवालों को दी। मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष एनएन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।