कटरा कोतवाली क्षेत्र के बैरहवां गांव के पास अज्ञात वाहन से कुचल कर गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे एक माली की मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मिर्जापुर इलाहाबाद मार्ग को जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट व सीओ नगर ने लोगों को दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपया तथा अन्य योजना के तहत सहायता दिलाने का आश्वासन देते हुए जाम समाप्त कराया। पुलिस ने बिना अनुमति के सड़क जाम करने के आरोप में कुछ नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के गोसाई का पुरवा गांव निवासी रामचंद्र मौर्या (28) फूल-माला का व्यापार करता था। प्रतिदिन की भांति गुरुवार को सुबह छह बजे अपने बगीचे से फूल तोड़ कर कटरा कोतवाली क्षेत्र के मुकेरी बाजार पहुंचाने आ रहा था। सुबह लगभग साढ़े छह बजे बाइक सवार युवक जैसे ही कटरा कोतवाली के बैरहवा गांव के पास पहुंचा कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया जिससे युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसको कुचलते हुए वाहन गुजर गया। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराई तो लोगों ने बाइक का नंबर देखकर उसकी पहचान रामचंद्र के रूप में की।
पहचान होने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का इंतजाम कर रही थी कि मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव ले जाने से मना कर दिया। मुआवजे की मांग को लेकर मिर्जापुर इलाहाबाद मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे कटरा कोतवाल अजय श्रीवास्तव व मंडी चौकी प्रभारी डीपी यादव ने लोगों को समझाबुझा कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया लोग नहीं माने। उनका कहना था कि जबतक मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक वह लोग जाम समाप्त नहीं करेंगे। लोगों की जिद देखते हुए कोतवाल ने मामले से उच्चाधिकारियाें को अवगत कराया।
नगर मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश व सीओ नगर बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को दुर्घटना बीमा के तहत पांच लाख रुपया दिलाने और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ भी परिवार वालों को दिलाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त करने को तैयार हुए। लगभग ढाई घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। सड़क वाहनों की कतारें लग गई थीं। जाम समाप्त होने के बाद यातायात सुचारू होने में काफी वक्त लग गया।