कोतवाली क्षेत्र के बालूघाट पर सोमवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब गंगा में मछली मारने गए एक मछुआरे के जाल में एक बालक का शव फंसा मिला। शव देखते ही घाट पर सनसनी फैल गई। पहुंचे लोगों ने बालक के पैंट पर लगे किसी दर्जी के दुकान के स्टीकर के जरिए उसके घरवालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लेागों ने उसकी शिनाख्त सहर्ष निवासी एबकपुर मोहाना के रूप में की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिवारीजनों को सौंप दिया।
एकबपुर मोहाना मोहल्ला निवासी सहर्ष कुशवाहा (13) पुत्र अवधेश सोमवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ बालूघाट पर गंगा स्नान करने गया था। नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। डरे सहमे उसके साथी बगैर किसी को कुछ बताए वहां से चंपत हो गए। काफी देर तक बालक घर नहीं पहुुंचा तो परिवार के लोग उसकी खोजबीन में जुट गए। दोपहर करीब 12 बजे एक मछुवारे ने गंगा में मछली मारने के लिए जाल डाला तो उसमें बालक फंस गया। जाल बाहर निकालने पर उसमें बालक का शव दिखा तो वह हैरान हो गया। तत्काल आसपास के लोगों से पहचान कराई तो उसके पैंट पर शिवम टेलर लिखा था। लोग टेलर के यहां पहुंचे तो उसने नाम बताया। इसी बीच उसके परिवारीजन पहुंचे और शव की शिनाख्त सहर्ष के रूप में की।