थाना क्षेत्र के परसनपुर गांव के पास पिकअप के धक्के से मंगलवार को दिन में ढाई बजे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़री के आमघाट स्थित चौरा गांव निवासी सुभाष (28) पूना की एक कंपनी में काम करता था। उसी कंपनी में मड़िहान थाना क्षेत्र के बनतरवा दाढ़ीराम गांव निवासी रिंकू (28 ) काम कर रहा था। एक ही क्षेत्र के निवासी होने के कारण दोनों में गहरी दोस्ती हो गई थी। कंपनी से छुट्टी लेकर 20 जुलाई 2016 को दोनों एक साथ घर आए थे। मंगलवार की पूर्वाहन 11 बजे सुभाष, रिंकू के गांव गया और उसे साथ लेकर चुनार के दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए उसे साथ लेकर निकला।
दर्शन-पूजन करने के बाद बाइक सवार दोनों युवक जैसे ही मिर्जापुर-वाराणसी मार्ग स्थित परसनपुर गांव के पास पहुंचे कि चुनार से सीमेंट लादकर मिर्जापुर आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले गए। वहां देखते ही चिकित्सक ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। परिवार के अनुसार सुभाष दो भाईयों में सबसे बड़ा था। वहीं रिंकू दो भाईयों में छोटा था। सुभाष के परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्री भी है।