मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर ड्रमडगंज घाटी के पास रविवार सुबह दस बजे ट्रक से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा। नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। उनका कहना था कि सड़क खराब होने के चलते आए दिन यहां हादसे होते हैं। हल निकलने के बाद ही जाम खोला जाएगा। ड्रमंडगंज चौकी इंचार्ज ने उनको समझाबुझा कर एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
मध्य प्रदेश के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ी गांव निवासी अशफाक (35) पेशे से दर्जी था। सूट का कपड़ा मिर्जापुर के दर्जियों से सिलवाता था। लगन के चलते उसके पास अधिक कपड़े आए थे। जिसको सिलने के लिए उसने मिर्जापुर के एक ट्रेलर को दिया था।
रविवार को वह अपने साथी पुरूषोत्तम लाल (36) निवासी पहाड़ी हनुमना के साथ कपड़े लेने मिर्जापुर आ रहा था। जैसे ही हलिया थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज घाटी के हनुमान के मंदिर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। अशफाक के कमर चक्का चढ़ गया। पुरूषोत्तम को दूर गिरने के कारण कम चोटे आई।
हादसे की जानकारी होते ही पहुंची पुलिस दोनों घायलों को मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया। रास्ते में ही अशफाक ने दम तोड़ दिया। परिवार के लोग उसके शव लेकर हलिया चले गए।