कांधला। सूबे की भाजपा शासनकाल में भी जिले में रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सराफ से रंगदारी मांगने का विवाद अभी शांत ही नहीं हुआ कि एक शिक्षक को फोन पर धमकी दी गई। प्राइमरी स्कूल के शिक्षक से मोबाइल फोन पर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
पीड़ित शिक्षक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रंगदारी की कॉल आने से परिवार में दहशत व्याप्त है। कुख्यात फुरकान की गिरफ्तारी के बावजूद रंगदारी मांगने की घटनाएं रुकने लोग भयभीत हैं।
थाना क्षेत्र के गांव आल्दी निवासी बनारसी दास कैराना क्षेत्र के गांव ऊंचा गांव स्थित कन्या जूनियर हाईस्कूल में अध्यापक हैं। पीड़ित शिक्षक के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उनके मोबाइल फोन नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके दो लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
शिक्षक से फोन पर रंगदारी मांगे जाने के बाद से परिवार के लोग दहशत में है। पीड़ित ने बताया कि रंगदारी नहीं देने पर परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई है।
रविवार सुबह शिक्षक ने मामले की जानकारी पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। दो दिन बाद रंगदारी मांगे जाने की सूचना दी जा रही है पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पूूरे मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।