वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर मेंहदीपुर चौराहे पर स्थित पुलिस बूथ के पास शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे ट्रक स्कार्पियो की हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक मासूम समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कार्पियो सवार सोनभद्र से इलाज कराने भदोही जा रहे थे।
चालकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी अहरौरा भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने सभी की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया।
सोनभद्र के रेनुकूट से भदोही इलाज कराने अलग अलग परिवारों से कुल आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर शुक्रवार की भोर में घर से निकले। सुबह लगभग साढ़े पांच बजे स्कार्पियो जैसे ही अहरौरा थाना क्षेत्र के मेंहदीपुर चौराहे के पास स्थित पुलिस बूथ के पास पहुंची कि तभी आगे चल रहे कोयला लदे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
जिसके चलते अनियंत्रित हुई स्कार्पियो ट्रक में जाकर भिड़ गई। जोरदार तरीके से हुई भिड़ंत में स्कार्पियो सवार श्रीनाथ कुशवाहा 45 वर्ष निवासी अनपरा सोनभद्र की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही सिद्घार्थ छह वर्ष पुत्र अमर सिंह राठौर बुरी तरह से जख्मी हो गया।
दुर्घटना में मासूम सिद्धार्थ के पिता अमर सिंह राठौर 34 वर्ष और मां माया देवी 27 वर्ष निवासी रेनूकुट सोनभद्र, मुंशी चौधरी 55 वर्ष तथा उनकी पत्नी लालती देवी 50 वर्ष निवासी शंकर पुरी थाना इंद्रपुरी रोहतास बिहार के अलावा चिंतामणि देवी 55 वर्ष पत्नी राधेश्याम पांडेय निवासी रेनुसागर थाना पिपरी सोनभद्र, जमीला बेगम 55 वर्ष पत्नी मो. शकील निवासी बलिया खटाल थाना रेनूसागर, सीमा पांडेय 35 वर्ष पत्नी मनोज पांडेय निवासी रेनुसागर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने समस्त घायलों को सीएचसी अहरौरा पहुंचाया।