अंतरजनपदीय गिरोह के पकड़े गए सदस्य।
- फोटो : mirzapur
मड़िहान बाजार में 25 अगस्त को एटीएम से पैसे निकालने आए लोगों से छिनैती करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के छह सदस्यों को मड़िहान एवं बरकछा चौकी की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनाें थानों की पुलिस ने बोलेरो सवार गिरोह के सदस्यों को मिर्जापुर- सोनभद्र मार्ग के बेला जंगल से गिरफ्तार कर किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूट के 4190 रुपये व एक तमंचा तथा कारतूस बरामद हुआ है। सभी के विरुद्ध मुुकदमा पंजीकृत कर गाड़ी को सीज कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संतरविदास नगर जनपद के छह युवक एटीएम से पैसा निकालने आए लोगों को डरा धमकाकर लूटने का काम करते हैं। 24 अगस्त को यहां मड़िहान निवासी एक व्यक्ति को एटीएम से पैसा निकालते समय डरा धमकाकर उसका 4190 रुपया लूट लिया था। 25 अगस्त को गिरोह के सदस्य दोबारा लूटपाट करने मड़िहान आए तो एटीएम के गार्ड ने सभी को पहचान लिया। उसके शोर मचाने पर यह भागने लगे। जानकारी होते ही एसपी ने मड़िहान थाना और बरकछा चौकी पुलिस को घेराबंदी कर पकड़ने को कहा।
दोनों थाने की पुलिस अपनी-अपनी ओर से घेराबंदी करते हुए मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग के बेला जंगल में पहुंची और बोलेरो को रोक लिया। उसमें सवार छह लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ किया गया तो उन्होंने 24 अगस्त को मड़िहान के एक एटीएम से पैसा निकालने आए एक वृद्ध से 4190 रुपया छीनने की बात स्वीकार की। इसके अलावा इन लोगों ने मिर्जापुर, भदोही, बनारस समेत अन्य जिले में भी लोगों का पैसा छीना है। जिसकी जानकारी कराई जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों में विनय सिंह निवासी शिवनगर थाना गोपीगंज, दीपक यादव निवासी छम्मनपुर गोपीगंज, सुनील विश्वकर्मा निवासी लालापुर गोपीगंज, जितेंद्र तिवारी, विश्वदर्शन तिवारी निवासी तिवारीपुर बैदा थाना गोपीगंज तथा रामचंद्र निवासी गोपीगंज जिला भदोही शामिल है।