पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान पेश किए गए हत्या के आरोपी।
- फोटो : mirzapur
महिला प्रापर्टी डीलर मीना सिंह हत्याकांड का 48 घ्ंाटे में खुलासा करते हुए पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र के दुमुहिया तिराहे बिंसुदरपुर से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट के पैसे, जेवरात और हत्या में प्रयोग किए गए राड को भी बरामद कर लिया गया है। इसका खुलासा पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने पुलिस लाइन में शुक्रवार को पत्रकारों के सामने किया।
एसपी ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयपुर कोठी निवासिनी मीना सिंह का मिशन कम्पाउंड निवासी के साथ स्कूल पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। उनके बीच हुई झड़प के दौरान बीच बचाव करने पर सपा नेता के साथी इमरान नामक युवक से मीना नाराज हो गई थी और उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। इसके लिए देहात कोतवाली क्षेत्र के चितावनपुर गांव निवासी शहनवाज उर्फ सन्नू खां और इसी थाना क्षेत्र के बरईपुर निवासी दिलीप पटेल पुत्र बासदेव को उस पर हमला करने की सुपारी दी।
सुपारी लेने के बाद दोनों बदमाश 13 व 14 मार्च की रात में इमरान को मारने के लिए पीछा करते रहे लेकिन किसी न किसी के साथ होने के कारण उन्हें हमला करने का मौका नहीं मिला। 15 मार्च की रात को बदमाश एक बार फिर इमरान पर हमला करने के लिए आए थे । वह युवक की रेकी कर मीना सिंह के घर रात दस बजे पहुंचे।
जहां मीना ने उनको हमला करने के लिए राड और गमछा दिया। हमला करने से पहले बदमाशों ने चाय पीने की इच्छा जताई तो मीना किचन में चाय बनाने चली गई। इसी बीच दिलीप ने सन्नू को बताया कि मीना के पास जमीन बिक्री का लाखों रुपया घर में रखा है। यह सुनते ही सन्नू की नियत बदल गई और उसने इमरान को मारने की बजाय मीना को ही मारकर लाखों रुपये लूटने की योजना बना ली।
दोनों ने मीना के साथ उसके ड्राइंग रूम में बैठ कर चाय पी इसके बाद जैसे ही मीना प्लेट सोफे के नीचे रखने लगी कि शहनवाज ने राड से मीना के सिर पर दो वार कर दिया। मीना द्वारा शोर मचाने पर दिलीप ने भी राड से हमला कर दिया। शहनवाज ने मीना के मुंह में राड से कपड़ा ठूंस कर उसे मार डाला।
फिर उसके बेड पर जा कर आलमारी की चाभी ले ली और आलमारी खोलकर उसमें रखे ढाई लाख रुपया और सोने की चेन तथा अंगूठी लूट कर रात करीब साढ़े 12 बजे फरार हो गए। दोनों के खिलाफ हत्या व लूट समेत अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।