कोतवाली क्षेत्र में स्थित चचेरी मोड़ स्थित औद्योगिक केंद्र के पास घात लगाए आधा दर्जन हमलावरों ने लूट के इरादे से वाराणसी से तगादा कर वापस घर आ रहे राइस मिल स्वामी संजय सिंह पर हमला कर उनको धारदार हथियार से बुरी तरह जख्मी कर दिया और उनके पास से साढ़े चार लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना सोमवार की रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजन घायल को इलाज हेतु रात में ही वाराणसी ले गए। मिल स्वामी के भाई अनिल सिंह ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सोमवार को चुनार कोतवाली में केस दर्ज कराया है। कोतवाली इलाके के नुआंव गांव निवासी संजय सिंह पुत्र खिचड़ू का चचेरी मोड़ स्थित औद्योगिक केंद्र में राइस मिल है। वह रविवार की रात वाराणसी और रामनगर के व्यापारियों के यहां से तगादा कर वापस चुनार आ रहे थे।
ज्यों ही वह औद्योगिक केंद्र के समीप उतरे एकाएक आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने उनको घेर लिया और उनसे पैसा छीनने का प्रयास करने लगे और उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे उनके शरीर में कई जगह गहरे जख्म हो गए। सूचना मिलने पर परिजनों पहले उन्हें चचेरी मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां पर हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। घटना के बारे में क्षेत्राधिकारी मुकेश चंद उत्तम व कोतवाल अंजय सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामला लूट का नहीं आपसी रंजिश का लग रहा है। मुकदमा भी मारपीट का दर्ज है। अभियुक्तों के गिरफ्तारी के बाद ही असलियत का पता लगेगा।