फल विक्रेता की हत्या हो जाने पर रोते-बिलखते परिवार के सदस्य
- फोटो : mirzapur
देहात कोतवाली क्षेत्र के इटवां गांव में जमीन के विवाद को लेकर में शनिवार की सुबह पांच लोगों ने एक फल विक्रेता की पीटकर हत्या कर दी। नाराज घरवाले शव लेकर देहात कोतवाली पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसपी अरविंद सेन ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इटवां गांव निवासी गेदा सोनकर (45) का बाबा तथा झल्लू सोनकर से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि बाबा व झल्लू सोनकर गेदा सोनकर की जमीन के कुछ हिस्से पर कब्जा करना चाहते थे। इसका गेदा सोनकर विरोध कर रहे थे। गेदा जमीन बचाने के लिए इन दिनों दीवार उठवा रहे थे। लोगों के अनुसार यही बात बाबा और झल्लू को बुरी लग रही थी।
शनिवार की सुबह करीब सात बजे गेदा सोनकर घर से साइकल से बथुआ तिराहे से बर्फ लेने के लिए निकले थे। पीड़ित परिवार के अनुसार इटवा चौराहे पर पहले से घात लगाकर बैठे झल्लू व बाबा सोनकर समेत पांच लोगों ने लाठी-डंडे और राड से गेदा पर हमला कर दिया। गेदा की जमकर पिटाई करने के बाद सभी भाग गए।
जानकारी होने पर घरवाले जिला चिकित्सालय ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर झल्लू और बाबा समेत पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया।